ताज़ा

News Alert CG

खबर वही जो सच हो

डेढ़ माह की मासूम की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में की तोड़फोड़, सामान सड़क पर फेंका

Authored by: Gaurav Shrivastava

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम बच्ची की मौत हो गई, बच्ची की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ कर दी और अस्पताल का सामान सड़क पर फेंक दिया, मौके पर भारी तनाव को देखते हुए तत्काल पुलिस के आला अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास जारी है। पूरा मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी का है। 

कापसी में संचालित एक निजी अस्पताल में एक डेढ़ माह की मासूम बच्ची की तबियत बिगड़ने के बाद भर्ती करवाया गया था, बीती रात बच्ची की तबियत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उसे रेफर करने की बात डॉक्टर से की थी, लेकिन डॉक्टर ने बच्चे की स्थिति सामान्य बताते हुए रेफर करने की आवश्यकता नहीं होने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज सुबह बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया, देखते ही देखते अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दिया गया, अस्पताल के सामान को सड़क पर फेंक दिया गया, और ग्रामीण सड़क पर उतर आए, सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर भेजा गया और पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला है, एसडीएम मनीष देव साहू ने बताया कि अस्पताल को सील किया जा रहा है, सीएमएचओ को तत्काल टीम बनाकर मामले के जांच के निर्देश दिए गए है, उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा उस पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। 

मासूम की मां ममता पाल ने आरोप लगाया कि डेढ़ माह की बच्ची को डॉक्टर ने 2 साल के बच्चे जितनी दवाइयां दी, जिसके कारण बच्ची की मौत हुई है, बच्ची की मां ने डॉक्टर पर आरोप लगाया कि डॉक्टर लगातार उन्हें बच्ची की सेहत को लेकर गुमराह कर रहे थे और आज सुबह बच्ची की मौत हो गई।

और खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *