Authored by: Gaurav Shrivastava
कांकेर। जिले में 7 जनपद पंचायतों में आज अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन होना था लेकिन अचानक 5 जनपद में निर्वाचन स्थगित करने का आदेश आने पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया है, भानुप्रतापपुर और दुर्गुकोंडल में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया है, वही चारामा जनपद के बाहर भी कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने प्रशासन पर प्रदेश सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है, बीरेश ठाकुर के कहा कि भानुप्रतापपुर विधानसभा के तीनों जनपद में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की संख्या अधिक थी और यहां कांग्रेस का अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनना तय था इस कारण यहां भाजपा के इशारे पर निर्वाचन स्थगित किया गया है। बीरेश ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन निर्वाचन स्थगित करने का स्पष्ट कारण भी नहीं बता पा रही है, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि प्रशासन की मनमानी चल रही है, बिना कारण चुनाव स्थगित करना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि सारे जीते हुए सदस्य जनपद पहुंच चुके थे प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, उसके बाद स्थगन का आदेश आना दिखाता है कि ऊपर से आदेश आने के बाद प्रशासन ने ऐसा किया है , विधायक ने प्रशासन पर सरकार के इशारे पर चुनाव स्थगन का आरोप लगाया है। वही इस मामले में जिला प्रशासन का रुख भी सामने आया है, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने बताया कि जिले के कलेक्टर शासकीय कार्य से दिल्ली प्रवास पर है, कानून व्यवस्था को देखते हुए चुनाव की तिथि में संशोधन किया गया है।






Leave a Reply