कांकेर। 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों पर अब कार्यवाही का सिलसिला शुरू ही गया है, कांकेर जिले में भी 155 पटवारियों को जिला प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है, पटवारियों को तत्काल कार्य में लौटने का निर्देश दिया गया है। हड़ताल पर बैठे पटवारियों के निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने तथा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में उनके विरुद्ध प्रचलित सेवा नियमों के तहत आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
विदित हो कि पटवारी संघ अपनी मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है, जिससे राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों और आम नागरिकों को असुविधा हो रही है, जिसको देखते हुए अब जिला प्रशासन एक्शन मोड पर आ गया है। जिले के पांच राजस्व अनुविभाग कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ एवं पखांजूर में कुल 175 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें से 155 पटवारी वर्तमान में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं ,सभी हड़ताल पर बैठे पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है।
पटवारियों की लगातार अनुपस्थिति से राजस्व विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस), गिरदावरी, एग्रीस्टैक पंजीयन, फसल सत्यापन तथा धान खरीदी के लिए किसानों के अभिलेखों का सत्यापन प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित जांच और प्रतिवेदन तैयार करने के कार्यों में भी व्यवधान उत्पन्न हो रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को देखते हुए किसानों की भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी का समय-सीमा में सत्यापन करना अत्यंत आवश्यक है।जिसके चलते अब जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।





Leave a Reply