ताज़ा

CG News Alert

खबर वही जो सच हो

पत्रकार रौनक शिवहरे मामले की न्यायिक जांच की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कांकेर। दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में पत्रकार रौनक शिवहरे और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को लेकर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर न्यायिक जांच की मांग की है। यह ज्ञापन कलेक्टर कांकेर के माध्यम से भेजा गया।

ज्ञापन में बताया गया है कि 6 मार्च 2026 को गीदम में पत्रकार रौनक शिवहरे के घर के सामने एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोप है कि इस दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनके पिता और दो वर्षीय बच्ची को ट्रैक्टर से दबाने की कोशिश की, हालांकि दोनों बाल-बाल बच गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रौनक शिवहरे मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक से विवाद होने के पश्चात उन्होंने गीदम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके विपरीत ट्रैक्टर चालक और उसके सहयोगियों के दबाव में आकर पुलिस ने पत्रकार रौनक शिवहरे तथा उनके माता-पिता के खिलाफ एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिना निष्पक्ष जांच के ही पत्रकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जिससे पत्रकार समुदाय में आक्रोश का माहौल है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषी अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेस क्लब के अध्यक्ष उगेश सिन्हा, गौतम सरकार, अमित चौबे, गौरव श्रीवास्तव, बीरेंद्र यादव, राजकुमार कश्यप, श्रवण बेसरा, नीरज तिवारी, सुशील सलाम, नवीन सोनी और प्रशांत जोशी मौजूद रहे।

और खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *