कांकेर । मानसून अब छत्तीसगढ़ के बॉर्डर में पहुंच चुका है और किसान खेती की तैयारियों में जुटे हुए है इसी बीच किसानों के सामने नया संकट उस वक्त खड़ा हो गया जब डीजल की किल्लत की खबर बाहर आई, किसानों की भीड़ ट्रेक्टर और बड़े बड़े केन के साथ पेट्रोल पंपों में जुटने लगी और धीरे धीरे शहर के सभी पेट्रोल पंप में डीजल खत्म हो गया लेकिन किसानों की भारी भीड़ पंप में जमा रही, जैसे ही किसानों को डीजल खत्म होने की जानकारी मिली किसानों ने शहर के ज्ञानी चौक में चक्काजाम कर दिया। किसानों ने समय पर खेतों की जुताई नहीं होने पर खेती पर भारी संकट की बात कही है और धान की उपलब्धता पर भारी किल्लत की आशंका जाहिर की है।
किसानों ने बताया कि यह समय खेतों की जुताई का है और उन्हें पर्याप्त डीजल की आवश्यकता होती है, एक एकड़ में लगभग 25 लीटर डीजल की खपत होती है लेकिन उन्हें 20 लीटर डीजल एक दिन में दिया जा रहा था जिससे पहले ही दिक्कते हो रही थी लेकिन अब डीजल पूरी तरह खत्म होने की बात कही जा रही है जिससे उनके सामने संकट गहरा गया है, किसानों ने कहा कि जब तक प्रशासन उन्हें पर्याप्त डीजल मुहैया नहीं करवाएगी तो चक्काजाम खत्म नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि सरकार ने डीजल की कमी का हवाल देते हुए एक दिन में 200 लीटर डीजल भारी वाहनों के लिए और अन्य वाहनों के लिए 20 लीटर का दायरा तय कर दिया है ,जिससे किसान बेहद परेशान है। शहर के ज्ञानी चौक में इस वक्त किसानों की भारी भीड़ जमा है और प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे है और हालात को नियंत्रण में करने की कोशिश की जा रही है।




Leave a Reply