ताज़ा

News Alert CG

खबर वही जो सच हो

धर्मशाला में छिपकर गांजा तस्करी करने गाड़ी की व्यवस्था कर रहे थे आरोपी, बोधघाट पुलिस ने 27 लाख के गांजा समेत 6 आरोपियों को दबोचा

Authored by: Gaurav Shrivastava

जगदलपुर। नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम के बीच सोमवार को एक कार्रवाई में बोधघाट पुलिस ने 27 लाख का गांजा पकड़ा है। इसके साथ ही पुलिस ने 6 आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि जगदलपुर के गोयल धर्मशाला में आरोपियों के ठहरने की सूचना पर पुलिस की टीम ने दबिश दी और सभी आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस की विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि गांजे का परिवहन करने वाले मीडियेटर भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक बोधघाट पुलिस को शहर के गोयल धर्मशाला में गांजा तस्करों के छिपे होने की सूचना मुखबिर से मिली। इस पर बोधघाट थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने गोयल धर्मशाला में दबिश दी। इस बीच पता चला कि राजस्थान से सोमवार की सुबह ही चार युवक आकर गोयल धर्मशाला के कमरा नम्बर 9 में ठहरे हुए हैं। वहीं, उनसे मिलने सुकमा से दो युवक भी पहुंचे हुए थे, जिनके पास चार अलग-अलग बैग्स में गांजा भरा हुआ था। सुकमा से आये युवकों ने राजस्थान के युवकों को गांजा मुहैया करवाया और राजस्थान के युवक गांजा लेकर वापस लौटने गाड़ी की व्यवस्था कर रहे थे। 

पुलिस ने जैसे ही कमरे में दबिश दी, सभी आरोपी एकाएक हुई कार्रवाई से घबरा गए। कमरे में मौजूद रहे राजस्थान के धौलपुर निवासी बबलू कुशवाहा 32 वर्ष, श्रीनिवास 26 वर्ष, देशराज कुशवाहा 30 वर्ष और उत्तरप्रदेश के आगरा निवासी पंकज उपरेती 19 वर्ष को पुलिस ने दबोच लिया। इसके अलावा ओडिशा से गांजा लाने वाले सुकमा के पुसपाल निवासी राम सिंह 22 वर्ष व दुबराज कश्यप 28 वर्ष भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। 

जब चारों बैग्स की तलाशी की गई तो उनमें 54 किलो गांजा भरा मिला। गांजा की कुल अनुमानित बाजार कीमत 26.97 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही उनके कब्जे से 6 मोबाइल, 2500 रुपये नगद भी बरामद किया गया है। 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान, एसआई ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, एएसआई दिनेश उसेंडी, सतीश श्रीवास्तव, देवेंद्र राय, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, पवन श्रीवास्तव, आरक्षक युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, मानकू कोर्राम, विजय तिर्की , अवतार पटेल, थानेंद्र सिन्हा, होरी लाल आर्यों, विपिन मिंज, राम ठाकुर शामिल थे।

और खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *